बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता का निधन, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नई दिल्ली |बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है. अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है. परिवार के लिए यह बेहद मुश्किल वक्त है और फैंस भी इस खबर से भावुक हो उठे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनील मल्होत्रा ने 14 फरवरी को दिल्ली में आखिरी सांस ली. हालांकि, उनके निधन की जानकारी 17 फरवरी को सामने आई. उनका अंतिम संस्कार भी राजधानी दिल्ली में ही किया गया.
काफी समय से चल रहे थे बीमार
जैसे ही सिद्धार्थ को पिता के निधन की खबर मिली, वह अपनी पत्नी कियारा आडवाणी के साथ मुंबई से तुरंत दिल्ली रवाना हो गए. बताया जा रहा है कि दोनों फिलहाल परिवार के साथ दिल्ली में ही हैं. परिवार ने इस कठिन समय में प्राइवेसी बनाए रखने की अपील भी की है. सुनील मल्होत्रा काफी समय से बीमार चल रहे थे. वह पहले मर्चेंट नेवी में कैप्टन रह चुके थे. बीमारी के कारण वह व्हीलचेयर पर थे और परिवार उनकी देखभाल कर रहा था. सिद्धार्थ अपने पिता के बेहद करीब थे. अक्सर उनके पिता बेटे की फिल्मों की स्क्रीनिंग पर नजर आते थे.
उनकी मां ही पिता की देखभाल करती थीं
बीते साल एक इंटरव्यू में सिद्धार्थ ने कहा था कि उन्हें इस बात का अफसोस रहता है कि काम के चलते वह मुंबई में रहते हैं और दिल्ली में अपने पिता के साथ ज्यादा समय नहीं बिता पाते. उन्होंने यह भी बताया था कि उनकी मां ही पिता की देखभाल करती हैं और उन्हें उनकी सेहत की हमेशा चिंता रहती थी. अब पिता के जाने से सिद्धार्थ और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्मी सितारे लगातार संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं.