चाय के साथ नरम और ताजे बटर मस्का बन का स्वाद हर किसी को पसंद आता है। आमतौर पर लोग इसे बाजार से खरीदते हैं, लेकिन थोड़ी सी मेहनत से इसे घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है। सही सामग्री और विधि अपनाकर आप बिल्कुल मार्केट जैसे सॉफ्ट और स्पंजी बन बना सकते हैं।
सबसे पहले एक बाउल में गुनगुना दूध लें और उसमें चीनी व ड्राई यीस्ट मिलाकर 5 से 10 मिनट के लिए ढक दें, ताकि यीस्ट सक्रिय हो जाए। जब झाग बनने लगे तो इसमें मैदा, एक चुटकी नमक और थोड़ा सा मक्खन डालकर नरम आटा गूंथ लें। आटे को ढककर लगभग एक से डेढ़ घंटे तक गर्म जगह पर रख दें, ताकि वह फूलकर दोगुना हो जाए।
इसके बाद आटे को हल्का सा दबाकर छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और गोल आकार देकर बेकिंग ट्रे में थोड़ी दूरी पर रखें। ऊपर से थोड़ा दूध ब्रश करें और 10 से 15 मिनट के लिए फिर से ढककर रखें। पहले से गरम ओवन में 180 डिग्री सेल्सियस पर करीब 15 से 20 मिनट तक बेक करें, जब तक बन सुनहरे न हो जाएं।
बन तैयार होने के बाद उन्हें हल्का ठंडा होने दें और बीच से काटकर अंदर सफेद मक्खन अच्छी मात्रा में लगाएं। चाहें तो ऊपर से भी मक्खन ब्रश कर सकते हैं। गरमा-गरम चाय के साथ परोसें।
विशेषज्ञों के अनुसार आटा जितना मुलायम गूंथा जाएगा और उसे सही समय तक फुलने दिया जाएगा, बन उतने ही सॉफ्ट बनेंगे। घर पर बना बटर मस्का बन स्वाद के साथ शुद्धता की भी गारंटी देता है।
