भीषण हादसा: अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई बाइक, गर्भवती पत्नी और मां सहित युवक की मौत
जयपुर (हलचल)। जमवारामगढ़ स्टेट हाईवे पर रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे बाइक सवार पति-पत्नी और मां की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गईं, क्योंकि तीनों एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
थानाधिकारी (जमवारामगढ़) भगवान सहाय ने बताया कि गोपालगढ़ निवासी बंटी (24) अपनी पत्नी भावना (20) और मां बल्लू देवी (45) के साथ नीम्बी गांव में एक शादी समारोह में जा रहा था। दोपहर करीब 1 बजे रोड़ा नदी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सालभर पहले बसा था घर, पत्नी थी गर्भवती
मृतक बंटी गोपालगढ़ में एक चाय की दुकान पर काम कर अपनी जीविका चलाता था। उसकी शादी महज एक साल पहले भावना से हुई थी। पुलिस के अनुसार, भावना चार माह की गर्भवती थी। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह खत्म कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
