भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई: नटवाड़ा की प्रशासक नीता कंवर पद से बर्खास्त, फर्जी नीलामी का आरोप प्रमाणित

Update: 2026-02-20 03:02 GMT


​ राजस्थान सरकार ने ग्राम पंचायत नटवाड़ा की प्रशासक नीता कंवर को पद के दुरुपयोग और गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के चलते तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। अतिरिक्त आयुक्त एवं शासन उप सचिव त्रिलोक चंद मीना द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विभागीय जांच में प्रशासक पर लगे आरोप सही पाए गए हैं।

​जर्जर भवनों को भूखंड बताकर की फर्जी नीलामी

​जांच रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ग्राम पंचायत नटवाड़ा में स्थित जर्जर सरकारी भवनों को कागजों में खाली 'भूखंड' दर्शाया गया और फिर चोरी-छिपे उनकी नीलामी कर दी गई। प्रशासन को बिना सूचना दिए की गई यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से फर्जी, गैर-कानूनी और असंवैधानिक पाई गई है।

​ग्रामीणों की शिकायत पर हुई कार्रवाई

​इस मामले का खुलासा तब हुआ जब जागरूक ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंपी। कलेक्टर के निर्देश पर विकास अधिकारी ने एक विशेष जांच समिति गठित की। समिति की गहन जांच में सामने आया कि नीलामी प्रक्रिया के दौरान नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं और सरकारी संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने का प्रयास किया गया।

​सरकार के इस कड़े कदम से पंचायती राज संस्थानों में भ्रष्टाचार में लिप्त कार्मिकों में हड़कंप मच गया है।

Similar News