जयपुर में आज से पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा: उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 1 लाख श्रद्धालुओं के लिए सजा भव्य पांडाल

By :  vijay
Update: 2026-03-20 07:05 GMT

जयपुर | मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में आज शुक्रवार दोपहर 1 बजे से कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की श्री शिव पुराण कथा की शुरुआत होगी। कथा 26 मार्च तक चलेगा। पहले दिन से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

कथा शुरू होने से पहले 15 मार्च को भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों महिलाओं ने हिस्सा लिया। के.एल. सैनी स्टेडियम से शुरू हुई यह यात्रा वीटी रोड मेला ग्राउंड तक पहुंची। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया और बैंड-बाजे, बग्घियों के साथ हाथी-घोड़े भी यात्रा में शामिल रहे।

पहले दिन उमड़ेंगे हजारों श्रद्धालु

आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक अखिलेश अत्री और मनोज पांडे ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर करीब 4 लाख स्क्वायर फीट में वाटरप्रूफ पांडाल तैयार किया गया है, जिसमें लगभग 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था है। पिछले कई दिनों से 400 से ज्यादा कारीगर पांडाल और यज्ञशाला को तैयार करने में लगे हुए थे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चिकित्सा, पेयजल, पार्किंग और अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं। आयोजन को लेकर न केवल जयपुर बल्कि प्रदेश और देश के अलग-अलग हिस्सों में भी उत्साह बना हुआ है।

शहर में ट्रैफिक भी डायवर्ट रहेगा

अरावली मार्ग (शिप्रापथ से मध्यम मार्ग चौराहा तक) और वी.टी. रोड (शिप्रापथ से मध्यम मार्ग चौराहा तक) पर जरूरत पड़ने पर यातायात को वैकल्पिक रास्तों पर मोड़ दिया जाएगा।

यदि शिप्रापथ रोड पर भारी भीड़ हुई तो दुर्गापुरा से डालडा फैक्ट्री रोड होते हुए मुहाना रोड, इस्कॉन रोड और पत्रकार कॉलोनी की ओर जाने वाले वाहनों को डी-मार्ट शिप्रापथ से डायवर्ट कर डी.डी. पार्क चौराहा और न्यू सांगानेर रोड से निकाला जाएगा।

पटेल मार्ग, विजय पथ, रजत पथ और भृगुपथ से आने वाले वाहनों को धीरे-धीरे डायवर्ट किया जाएगा।

रिद्धि-सिद्धि चौराहा से आईआईएस तिराहा की ओर जाने वाले ट्रैफिक को गोपालपुरा बाईपास से निकाला जाएगा।

मध्यम मार्ग पर ज्यादा भीड़ हुई तो क्या होगा

वी.टी. रोड चौराहे से ट्रैफिक को न्यू सांगानेर रोड की ओर मोड़ दिया जाएगा।

यदि स्थिति और बिगड़ी तो रजत पथ और अरावली मार्ग से भी यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

वीआईपी लोगों की गाड़ियों को सिर्फ अरावली मार्ग से ही एंट्री मिलेगी। आम लोगों से कहा गया है कि शिप्रापथ रोड, मध्यम मार्ग, वी.टी. रोड और अरावली मार्ग के बजाय न्यू सांगानेर रोड का इस्तेमाल करें।

वी.टी. रोड और अरावली मार्ग पर पार्किंग बंद

पार्किंग को लेकर सख्ती रहेगी। वी.टी. रोड और अरावली मार्ग पर किसी भी तरह की गाड़ी खड़ी नहीं करने दी जाएगी। शिप्रापथ रोड और मध्यम मार्ग पर भी सिर्फ तय जगहों पर ही पार्किंग की जा सकेगी।

आने-जाने के लिए दूसरे रास्ते

खो-नागोरियन, मालवीय नगर, झालाना, जगतपुरा और सांगानेर की तरफ से आने वाले लोग द्वारकादास पार्क, प्रधान वाटिका और न्यू सांगानेर रोड से जाएंगे।

हरमाड़ा, विद्याधर नगर, सीकर रोड, कालवाड़, वैशाली नगर, सोडाला और परकोटा की तरफ से आने वाले लोग अजमेर रोड, 200 फीट चौराहा, किसान धर्म कांटा होते हुए न्यू सांगानेर रोड से कथा स्थल तक पहुंच सकते हैं।

Similar News