1 अप्रैल से शुरू होगा “स्वभाव स्वच्छता – संस्कार स्वच्छता” अभियान, सरकारी दफ्तरों में चलेगा विशेष सफाई व रिकॉर्ड अभियान
जयपुर । भजनलाल सरकार सरकारी कार्यालयों में सफाई और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए 1 से 30 अप्रैल तक 1 महीने के लिए व्यापक अभियान शुरू करने जा रही है. सीएस वी श्रीनिवास ने इसके लिए सभी सरकारी कार्यालयों के लिए अभियान में होने वाले कामों को लेकर प्रशासनिक सुधार विभाग का आदेश जारी किया है. राज्य में सुशासन को मजबूत करने और सरकारी कार्यालयों की कार्यसंस्कृति में सुधार लाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने “स्वभाव स्वच्छता – संस्कार स्वच्छता” नाम से एक माह का विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है. यह अभियान 1 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा.
क्यों किया जा रहा है अभियान ?:
सरकारी कार्यालयों में लंबे समय से लंबित पत्रावलियों, अव्यवस्थित रिकॉर्ड प्रबंधन, कार्यालय परिसरों के अप्रभावी उपयोग और ई-वेस्ट व अनुपयोगी सामग्री के जमाव को देखते हुए यह विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है. सरकार का मानना है कि अस्वच्छता और अव्यवस्था से न केवल राजकार्य प्रभावित होता है बल्कि कार्मिकों की कार्यमनोस्थिति तथा आमजन में सरकारी छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है.