एसीबी की बड़ी कार्रवाई: 3.70 लाख की संदिग्ध नकदी के साथ अंता नगर पालिका का एईएन गिरफ्तार

Update: 2026-04-11 09:56 GMT

जयपुर/करौली। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शनिवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए नगर पालिका अंता (बारां) के सहायक अभियंता (AEN) महेंद्र सिंह को भारी नकदी के साथ हिरासत में लिया है। एसीबी की करौली इकाई ने हिण्डौन सिटी में आकस्मिक चेकिंग के दौरान अभियंता के पास से 3,70,000 रुपये की संदिग्ध राशि बरामद की है।

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि विभाग को पुख्ता सूचना मिली थी कि अंता में तैनात एईएन महेंद्र सिंह अवैध रूप से वसूली गई बड़ी रकम लेकर अपने घर हिण्डौन सिटी जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसीबी मुख्यालय ने तुरंत जाल बिछाने के निर्देश जारी किए।

नाकाबंदी में धरा गया अधिकारी

एसीबी उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज की टीम ने बयाना रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान महेंद्र सिंह की तलाशी लेने पर उनके पास से लाखों की नकद राशि बरामद हुई। पूछताछ में अभियंता इतनी बड़ी राशि के स्रोत के बारे में कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद राशि जब्त कर ली गई।

जांच जारी

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं श्रीमती एस परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। ब्यूरो अब भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामले की गहन जांच कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह राशि किन कार्यों के बदले वसूली गई थी।

Tags:    

Similar News