ब्यावर का 'बादशाह' सदा के लिए विदा: चंदू भाई की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, नम आंखों से दी विदाई
ब्यावर गणेश गहलोत । ऐतिहासिक बादशाह मेले के दौरान 'बादशाह' का किरदार निभाते समय काल का ग्रास बने शहर के प्रतिष्ठित नागरिक चंद्रप्रकाश अग्रवाल उर्फ 'चंदू भाई' गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। जिस मेले की खुशियां मनाने शहर उमड़ता था, आज उसी शहर की सड़कों पर मातम और आंखों में आंसू थे। ब्यावर के इतिहास में यह एक ऐसी घटना बन गई है, जिसे सदियों तक याद रखा जाएगा।
ट्रैक्टर पर निकली अंतिम यात्रा, उमड़ा शहर
गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे जब उनके निवास स्थान से अंतिम यात्रा शुरू हुई, तो पूरा शहर थम सा गया। चंदू भाई की पार्थिव देह को ट्रैक्टर में सजाया गया था। अंतिम विदाई देने के लिए जिला कलेक्टर कमलराम मीणा और जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने पुष्पहार अर्पित कर प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि दी। व्यापारिक संगठनों, विभिन्न समाजों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें नम आंखों से विदा किया।
गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी झलक
चंदू भाई की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी अंतिम यात्रा में हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल देखने को मिली। मुस्लिम समाज के लोगों ने भी पुष्पहार अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ की। मेले में 'बीरबल' की भूमिका निभाने वाले मुकेश उपाध्याय ने शॉल ओढ़ाकर और पुष्पवर्षा कर अपने साथी को अंतिम विदाई दी।
जब तक सूरज चांद रहेगा, चंदू तेरा नाम रहेगा
शव यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरी, जहां जगह-जगह लोगों ने छतों और गलियों से पुष्पवर्षा की। इस दौरान युवाओं और बादशाह मेला समिति के सदस्यों ने भावुक होकर नारे लगाए— "जब तक सूरज चांद रहेगा, चंदू तेरा नाम रहेगा।"
अंतिम संस्कार:
मुक्तिधाम में उनके पुत्र ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया। इस हृदयविदारक दृश्य के दौरान उनके पिता, छोटे भाई और सैकड़ों की संख्या में मौजूद नागरिक अपने आंसू नहीं रोक पाए। एक मिलनसार और नेकदिल इंसान के रूप में पहचाने जाने वाले चंद्रप्रकाश अग्रवाल का इस तरह जाना पूरे ब्यावर के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
