उदयपुर । सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता के मूल मंत्र के साथ कार्यरत महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र द्वारा न्यू अहिंसा पुरी स्थित महावीर फिजियोथैरेपी सेंटर में सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में केंद्र पर अत्याधुनिक क्रायोथेरेपी मशीन का शुभारंभ वीर सीए जसवंत सिंह बाबेल द्वारा द्वारा किया गया।
केंद्र के अध्यक्ष रविंद्र सुराणा ने जानकारी देते हुए बताया कि क्रायोथेरेपी मशीन अत्यधिक ठंड का उपयोग कर शरीर के ऊतकों को नियंत्रित रूप से शीतित करती है, जिससे दर्द, सूजन एवं त्वचा संबंधी समस्याओं में प्रभावी राहत मिलती है। यह मशीन पुरानी चोटों में लाभकारी है, रिकवरी की प्रक्रिया को तेज करती है तथा रक्त संचार को संतुलित करने में सहायक है। विशेष रूप से एथलीट्स एवं विभिन्न चिकित्सा उपचारों में इसका व्यापक उपयोग होता है। फिजियोथैरेपी सेवाओं में यह मशीन एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि सिद्ध होगी।
अध्यक्ष सुराणा ने बताया कि फिजियोथैरेपी सेंटर पिछले चार वर्षों से नियमित रूप से संचालित हो रहा है और उदयपुर शहर में सबसे कम लागत पर आमजन को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। बीपीएल परिवारों एवं दिव्यांगजनों के लिए यह सुविधा पूर्णत: नि:शुल्क है। सामान्य नागरिकों के लिए प्रतिदिन मात्र 100 में फिजियोथैरेपी की सुविधा दी जाती है तथा सप्ताह में छह दिन की थेरेपी हेतु केवल 500 शुल्क निर्धारित है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इस केंद्र का लाभ ले रहे हैं। अस्थि रोग विशेषज्ञ के मिलने का समय प्रति मंगलवार और शुक्रवार को वरिष्ठ अस्थिरोग विशेषज्ञ एवं संस्था सदस्य वीर डॉ. अजय कुमार सांखला की सेवा निशुल्क हैं। इसी केंद्र परिसर में महावीर उपकरण बैंक की स्थापना भी की गई है, जहां से वर्तमान में वॉकर, वाकिंग स्टिक, सक्शन मशीन, एयर बेड ,कमोड चेयर, बेड सेमी फोल्डर ,आईसीयू बेड, व्हीलचेयर मशीन सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरण नि:शुल्क उपलब्ध करवाए जाते हैं। केंद्र पर सेवाएं प्रतिदिन प्रात: 9.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रदान की जाती हैं। अध्यक्ष सुराणा ने बताया कि हाल ही में केंद्र द्वारा 305 विद्यार्थियों को 11 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई, जो अब तक की सर्वाधिक राशि है। इसके अतिरिक्त विगत 150 दिनों में 237 सेवा प्रकल्प पूर्ण किए गए हैं। केंद्र के वीर दौलत सिंह जी भंसाली एवं वीर दिलीप सुराणा के सहयोग से फतेहसागर, पिछोला, गुलाब बाग एवं दूध तलाई क्षेत्र में प्रतिदिन पक्षियों एवं मछलियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की जा रही है। जनाना एवं बाल चिकित्सालय में नियमित रूप से बेबी किट, पेटिकोट एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाता है। जीव दया प्रकल्प के अंतर्गत गौवंश को हरा चारा तथा जरूरतमंदों को भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
क्रायोथेरेपी मशीन के उद्घाटन अवसर पर केंद्र के वीर सुरेश बड़ीवाल, वीर अशोक खुर्दिया, मुख्य संयोजक वर्धमान मेहता, जॉन सचिव वीर राजकुमार नलवाया, ए.के. श्रीमाली, वीर जसवंत वर्डिया, वीर राजेंद्र सिंह भंडारी, जे.एस. बाबेल, वीर कमल कुमार जैन, डॉ. अजय कुमार सांखला सहित 40 से अधिक सदस्य उपस्थित थे।