उदयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रत्येक जिले की विरासत और पारिस्थितिकी के संवर्धन के लिए प्रारंभ किए गए पंच गौरव कार्यक्रम के तहत उदयपुर जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में नवाचार किया जा रहा है। आमजन को जिले के पंच गौरव से रूबरू कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय पंच गौरव मेला एवं प्रदर्शनी गुरूवार से फतहसागर की पाल पर प्रारंभ होगी। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
पंच गौरव कार्यक्रम क्रियान्वयन सदस्य सचिव पुनीत शर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय मेले व प्रदर्शनी का आयोजन फतहसागर की पाल पर स्थित टाया पैलेस के समीप होगा। मेले का शुभारंभ गुरूवार अपराह्न 3 बजे सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में होगा। मेले के दौरान एक जिला एक उत्पाद- मार्बल एवं ग्रेनाईट,एक उपज - सीताफल, एक वनस्पति प्रजाति - महुआ, एक खेल - तैराकी तथा पर्यटन स्थल - फतहसागर एवं पिछोला से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी। मेले और प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। फतहसागर की पाल टाया पैलेस के समीप 15 स्टॉल लगाई गई हैं। इनमें संबंधित विभागों द्वारा पंच गौरव की संपूर्ण प्रचार-प्रसार सामग्री, उत्पाद और मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र द्वारा स्टोन मार्ट का भी आयोजन किया जाएगा।
जिला स्तरीय मेले के दौरान पंच गौरव साक्षरता क्लब द्वारा पंच गौरव थीम पर पोस्टर मेकिंग, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 6 मार्च को वॉकाथोन, कयाकिंग-केनोईंग का आयोजन किया जाएगा। वहीं मेले में फ़ूड कोर्ट का भी संचालन किया जाएगा।