चित्तौड़गढ़: कमर्शियल गैस की किल्लत से चूल्हे ठंडे, बंद होने की कगार पर होटल-रेस्टोरेंट
चित्तौड़गढ़। जिले में इन दिनों कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर गहरा संकट मंडरा रहा है। हालात इतने विकट हो चुके हैं कि शहर के कई प्रमुख रेस्टोरेंट्स में खाना बनाना मुश्किल हो गया है, जिसके चलते संचालकों को मजबूरन अपने स्टाफ को छुट्टी पर भेजना पड़ रहा है। कई छोटे ढाबे और होटल तो अस्थायी रूप से बंद भी हो चुके हैं।
डीजल भट्टी का सहारा, पड़ोसियों से मांग रहे सिलेंडर
गैस आपूर्ति ठप होने के कारण अब होटल संचालक पारंपरिक संसाधनों की ओर रुख कर रहे हैं। कई रेस्टोरेंट अब डीजल भट्टी के भरोसे संचालित हो रहे हैं। कल्पना रेस्टोरेंट के मालिक अशोक जोशी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से पड़ोसियों से सिलेंडर उधार लेकर जैसे-तैसे काम चलाया जा रहा था, लेकिन अब स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा, "प्रतिदिन 70 से 80 ग्राहक आते हैं और एक सिलेंडर की रोज जरूरत पड़ती है। एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं पर वहां से कोरा जवाब मिल रहा है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो कारोबार बंद करना पड़ेगा।"
एजेंसियों पर लंबी कतारें, सप्लाई में कमी का हवाला
होटल व्यवसायी लगातार गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें सप्लाई कम होने की बात कहकर लौटाया जा रहा है। गैस न मिलने से न केवल संचालकों की दैनिक कमाई प्रभावित हो रही है, बल्कि वहां काम करने वाले कर्मचारियों के सामने भी रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। संचालकों का कहना है कि यदि प्रशासन ने हस्तक्षेप कर आपूर्ति बहाल नहीं करवाई, तो शहर का खान-पान उद्योग पूरी तरह ठप हो सकता है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
