अहमदाबाद में घर के बाहर सो रहे उदयपुर के युवक की गला रेतकर हत्या; बहन के जागने पर भागा हमलावर
अहमदाबाद । गुजरात के अहमदाबाद स्थित वासणा क्षेत्र के भरवाडवास में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ राजस्थान मूल के एक युवक की, जो अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था, अज्ञात हमलावर ने तीक्ष्ण हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान मूल रूप से उदयपुर जिले की नयागांव तहसील के बलीचा निवासी हितेष मेघवाल (25) के रूप में हुई है।
आधी रात को मौत बनकर आया अज्ञात हमलावर
वासणा पुलिस के अनुसार, हितेष मेघवाल भरवाडवास में किराए के मकान में रहता था और एक फर्नीचर कारखाने में काम करता था। सोमवार मध्यरात्रि करीब 2:30 बजे, जब हितेष अपने परिजनों के साथ घर के बाहर सो रहा था, तभी जैकेट और टोपी पहने एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा। हमलावर ने सो रहे हितेष के पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर तीक्ष्ण हथियार से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।
बहन की आंखों के सामने हुआ कत्ल
चीख-पुकार सुनकर पास में ही सो रही हितेष की 19 वर्षीय बहन ज्योति जाग गई। ज्योति ने जब अपने भाई को लहुलुहान हालत में देखा और हमलावर को टोकते हुए पूछा कि वह उसके भाई को क्यों मार रहा है, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया। ज्योति की चीखें सुनकर आसपास के पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए और तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। हालांकि, मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने जांच के बाद हितेष को मृत घोषित कर दिया।
हत्या के कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वासणा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की बहन ज्योति की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। प्राथमिक जांच में हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। उदयपुर के बलीचा गांव में युवक की मौत की खबर मिलते ही मातम पसर गया है।