भीषण हादसा: रोडवेज बस की चपेट में आई स्कूटी, गर्भवती बहू समेत परिवार की 3 युवतियों की दर्दनाक मौत

Update: 2026-02-09 14:58 GMT


रायसिंहनगर/श्रीगंगानगर (हलचल)। श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा पेश आया। अनूपगढ़ नेशनल हाईवे 911 पर एक तेज रफ्तार राजस्थान रोडवेज बस ने ई-स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। इस हृदयविदारक घटना में एक ही परिवार की तीन युवतियों की मौत हो गई, जिनमें से एक सात माह की गर्भवती थी।

अल्ट्रासाउंड करवाने जा रही थी गर्भवती बहू

जानकारी के अनुसार, चक 40 एनपी निवासी रेशमा (26) सात माह की गर्भवती थी। वह अपना अल्ट्रासाउंड टेस्ट करवाने के लिए परिवार की दो अन्य युवतियों पिंकी (20) और सुमन (22) के साथ ई-स्कूटी पर सवार होकर रायसिंहनगर आ रही थी। चक 41 एनपी बस अड्डे के पास जैसे ही उन्होंने स्कूटी मोड़ी, रायसिंहनगर से बीकानेर की ओर जा रही बीकानेर डिपो की रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर मंजर देख दहल गए लोग

हादसा इतना वीभत्स था कि सुमन और पिंकी की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद स्कूटी काफी दूर तक बस के साथ घिसटती चली गई। गंभीर रूप से घायल गर्भवती रेशमा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, बस स्टैंड पर मौजूद लोगों ने युवतियों को रुकने का इशारा किया था, लेकिन स्कूटी चला रही युवती हड़बड़ाहट में बस के सामने आ गई।

एक ही घर से उठेंगी तीन अर्थियां

मृतक युवतियां आपस में रिश्तेदार थीं। रेशमा परिवार की बहू थी, जबकि पिंकी और सुमन बुआ-भतीजी थीं। एक साथ परिवार की तीन बेटियों की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है। शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को किया जाएगा।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.


Similar News