राजस्थान पुलिस ने भोपाल से दो वरिष्ठ पत्रकारों को किया गिरफ्तार

उप-मुख्यमंत्री दीया कुमारी के खिलाफ झूठी खबर और ब्लैकमेलिंग के आरोप में कार्रवाई

Update: 2025-10-18 14:41 GMT


 

जयपुर: राजस्थान पुलिस ने राज्य की डिप्टी सीएम दीया कुमारी के खिलाफ लगातार झूठी और भ्रामक खबरें फैलाने के आरोप में दो पत्रकारों को एमपी से हिरासत में लेकर जयपुर आई है। इसके साथ ही पुलिस ने ' द सूत्र ’ नामक वेब पोर्टल के खिलाफ जांच शुरू की है। यह कार्रवाई डिप्टी सीएम दीया कुमारी की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर की गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि उनके खिलाफ पोर्टल पर पिछले एक महीने से अधिक समय से फर्जी और तथ्यों से परे खबरें प्रकाशित की जा रही थीं।

खबरें हटाने के बदले 5 करोड़ की मांग

रिपोर्ट में कहा गया कि 'द सूत्र' के प्रमुख आनंद पंडित और हरीश दिवेकर ने झूठी खबरें हटाने और भविष्य में ऐसी खबरें न चलाने के बदले 5 करोड़ की बड़ी रकम की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाते हुए बताया था कि 'अगर पैसे नहीं दिए गए तो और अधिक नकारात्मक खबरें चलाई जाएंगी, जिससे राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचेगा।'

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि इन दोनों पत्रकारों ने “द सूत्र” चैनल पर बिना साक्ष्य यह खबरें चलाईं कि दीया कुमारी ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है और सरकार इस पर चुप है। शिकायत में ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना से जुड़ी रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी गई है।

🕵️‍♂️ जयपुर लाए गए दोनों संपादक, साइबर और उगाही के एंगल से जांच




 


जयपुर पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में खबरों के तथ्यात्मक आधार न होने की पुष्टि हुई है। पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच साइबर अपराध और उगाही के पहलुओं से भी की जा रही है। दोनों आरोपियों को 24 घंटे में अदालत में पेश किया जाएगा।

🗣️ राजनीतिक प्रतिक्रिया — गिरफ्तारी पर उठा विवाद

पत्रकारों की गिरफ्तारी पर पत्रकार संगठनों और विपक्षी नेताओं ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस नेता अरुण यादव ने इसे “लोकतंत्र पर हमला” करार दिया। यादव ने कहा — “जब सच बोलने वाले पत्रकार जेलों में हों और झूठ फैलाने वाले आज़ाद घूम रहे हों, तब समझिए लोकतंत्र खतरे में है। ‘द सूत्र’ की टैगलाइन ‘हम सिर्फ भगवान से डरते हैं’ भाजपा सरकार को सबसे ज्यादा डराती है, क्योंकि सच्चा पत्रकार सत्ता से समझौता नहीं करता।”

Similar News