निंबाहेड़ा के 58 गांवों को जल्द मिलेगा चंबल का पेयजल, 121 करोड़ की योजना को मिली गति
निंबाहेड़ा।
भारत सरकार की जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी की अनुशंसा पर निंबाहेड़ा ब्लॉक की 14 ग्राम पंचायतों के 58 गांवों में चंबल परियोजना से पेयजल आपूर्ति का कार्य शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है।
राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के निर्देशन में इस महत्वाकांक्षी योजना को गति दी गई है। विभाग द्वारा लगभग 121.05 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को क्रियान्वित किया जाएगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है तथा शीघ्र ही ठेकेदार को कार्यादेश जारी कर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जलदाय विभाग के अधिकारियों के अनुसार योजना के तहत संबंधित गांवों में पानी की टंकियां निर्मित की जाएंगी तथा पाइपलाइन बिछाकर प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा।
इस अवसर पर विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। निंबाहेड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों को चंबल का पानी उपलब्ध करवाना एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।
योजना से इन गांवों को मिलेगा पीने योग्य पानी
विधायक कृपलानी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के निम्बाहेड़ा ब्लॉक की 14 ग्राम पंचायतों के 58 गांवों को इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होने बताया कि ब्लॉक की अरनिया जोशी ग्राम पंचायत के गांव भुज्याखेड़ी, कृपाराम जी की खेड़ी, मोठा, टीलाखेड़ा, अरनोदा ग्राम पंचायत के गांव अरनोदा, चरलिया, मेवासा, बांगेडा घाटा ग्राम पंचायत के भुवानीया खेड़ी, देवपुरा, गुर्जर खेड़ी, मनोहर खेड़ी, बांगेडा घाटा, बडावली ग्राम पंचायत के बडावली, गडवाडा, घाटटोप, कोचवा, पानगढ़, भावलिया ग्राम पंचायत के आजमपुरा, भावलिया, भोपाली, चरलिया गदिया, रामपुरा, रावलिया, कनेरा ग्राम पंचायत के कनेरा, पटीयार, सेमलिया, कारूंडा ग्राम पंचायत के कारूंडा, पायरी, पिपलिया गदिया, सांड, मेलाना ग्राम पंचायत के एकलिंगपुरा, लुणखंदा, मेलाना, मांगरोल ग्राम पंचायत के मांगरोल, मुरलिया, निम्बोदा ग्राम पंचायत के धारेश्वर, गुंदारेल, हीरा जी का खेड़ा, लक्ष्मीपुरा, निम्बोदा, रावलिया, सरसी ग्राम पंचायत के बेणीपुरिया, चोलनी, देवपुरिया, मरदपुरा, पीलखेड़ी, सरसी, श्रीपुरा, सतखण्डा ग्राम पंचायत के हसनपुरा, मोहम्मदगंज, सतखण्डा, टाई ग्राम पंचायत के मोहम्मदपुरा, नवाबपुरा, पेमदिया का खेड़ा, सरथल, टाई, उंखलिया ग्राम पंचायत के फाचर सोलंकी, उंखलिया ग्राम में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए पानी की टंकी बनाकर पाईप लाईनों को बिछाने का कार्य किया जाएगा।
विधायक कृपलानी ने बताया कि इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र के निंबाहेडा ब्लॉक के 81 एवं छोटीसादड़ी ब्लॉक के 93 कुल 174 गांवों में 430.64 करोड़ की लागत से जाख़म परियोजना से पानी उपलब्ध करवाने की निविदा भी प्रक्रियाधीन है।
