77वें गणतंत्र दिवस पर शिक्षा विभाग की झांकी को मिला प्रथम स्थान

Update: 2026-01-27 11:37 GMT

 चित्तौड़गढ़। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में शिक्षा विभाग द्वारा प्रस्तुत की गई झांकी ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा एवं जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक मुख्यालय राजेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार हर वर्ष की तरह इस बार भी शिक्षा विभाग की ओर से विशेष झांकी का प्रदर्शन किया गया। झांकी का निर्माण मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा चित्तौड़गढ़ के निर्देशन में किया गया।

इस झांकी की मुख्य थीम प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया अर्थात पीएम श्री विद्यालय में संविधान कक्ष रही। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप पीएम श्री विद्यालयों की अवधारणा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

झांकी प्रभारी डॉ लीला चतुर्वेदी और योगेश अडानिया ने बताया कि इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान निर्माण की प्रक्रिया, उसमें निहित मूल्यों, उद्देशिका, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की समझ को दर्शाया गया।

झांकी संयोजक लोकेश नारायण शर्मा और कृष्ण कुमार सोनी ने जानकारी दी कि इस थीम को हेमेन्द्र कुमार सोनी द्वारा चित्र विथिका और मुद्रित सामग्री के माध्यम से जीवंत रूप दिया गया। झांकी के अग्रभाग में घोष, सारनाथ स्तम्भ, प्रेरक नारे और परेड के गतिमान दृश्य प्रस्तुत किए गए, जबकि वाहन पर संविधान निर्माता डॉ बीआर आंबेडकर द्वारा राष्ट्रपति राजेन्द्र प्रसाद को संविधान की प्रति भेंट करते हुए, पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभ भाई पटेल की उपस्थिति का दृश्य दर्शाया गया। अंतिम भाग में विद्यालयों में शिक्षक और विद्यार्थियों के संवाद के माध्यम से संविधान के प्रमुख तत्वों को प्रदर्शित किया गया, जिससे झांकी अपने उद्देश्य को पूर्ण करती नजर आई।

इस उत्कृष्ट प्रस्तुति को जिला प्रशासन ने सर्वश्रेष्ठ घोषित करते हुए प्रथम स्थान प्रदान किया। विजेता ट्राफी माननीय मंत्री गौतम दक, सांसद चन्द्र प्रकाश जोशी और जिला कलेक्टर द्वारा शिक्षा अधिकारियों को प्रदान की गई।

झांकी को प्रभावशाली बनाने में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेंती के विद्यार्थियों की विशेष भूमिका रही, जिन्हें मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार दशोरा द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

झांकी निर्माण में लोकेश नारायण शर्मा, कृष्ण कुमार सोनी, बसंती लाल पंचोली, हेमेन्द्र कुमार सोनी, कैलाश चन्द्र धोबी, सोनिका चोरडिया, सुमन योगी और रमेश चन्द्र सेन सहित कई शिक्षाकर्मियों ने सहयोग दिया।

भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - bhilwarahalchal@gmail.com

व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा

Similar News