हजारेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को एक विशेष आध्यात्मिक आयोजन

बडलियास - चित्तौड़गढ़ के प्राचीन और पवित्र स्थल हजारेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को एक विशेष आध्यात्मिक आयोजन हुआ। सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव का सहस्त्रधारा अभिषेक किया गया, जिसमें भक्ति, श्रद्धा और शांति की अनुभूति हर ओर फैली नजर आई। इस पावन काम में देश के प्रसिद्ध कोल्हापुर महालक्ष्मी मंदिर के पुजारी पंडित मयूर मुनीश्वर अपने पूरे परिवार सहित चित्तौड़गढ़ पहुंचे।
पंडित मयूर मुनीश्वर, हजारेश्वर महादेव मंदिर के पूज्य महंत चंद्र भारती जी महाराज के शिष्य हैं। इसी आध्यात्मिक संबंध के चलते वे महाराष्ट्र के कोल्हापुर से चित्तौड़गढ़ आए और अपने परिवार के साथ सहस्त्रधारा अभिषेक करवाया। इस पूरे आयोजन को मंदिर के ब्राह्मणों पुजारी ने विधिपूर्वक संपन्न किया।
सहस्त्रधारा अभिषेक का आयोजन लगभग चार घंटे तक चला। इस दौरान लगातार मंत्रोच्चार गूंजता रहा, जिससे मंदिर परिसर एक अलौकिक ऊर्जा से भर उठा। एक-एक कर शिवलिंग पर सहस्त्र धाराओं के साथ जल, दूध, शहद, दही, घी और पवित्र गंगाजल चढ़ाया गया। भक्तों की आंखों में श्रद्धा और मन में विश्वास साफ झलक रहा था। पंडित श्रवण सामवेदी ने बताया कि सावन के पहले सोमवार का विशेष महत्व होता है। यही कारण है कि सुबह से ही भक्त मंदिर में दर्शन के लिए आ रहे थे। कई श्रद्धालु तो पूरे परिवार के साथ इस पावन अवसर पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सहस्त्रधारा अभिषेक को लेकर मान्यता है कि इससे घर में सुख-शांति का वास होता है, व्यापार में वृद्धि होती है और संतान प्राप्ति की कामना रखने वालों को भी फल की प्राप्ति होती है। यह अभिषेक केवल एक धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि एक आंतरिक आत्मिक अनुभव होता है जो भक्तों को ईश्वर से जोड़ता है। इस आयोजन में चित्तौड़गढ़ के कई ब्राह्मण पंडितों ने सहयोग किया। जिनमें विष्णु शर्मा, भवानी शंकर, पवन शर्मा, सोनू शर्मा, मनीष शर्मा, शिव शंकर शर्मा, शिव प्रकाश, कालू व्यास, मुरलीधर, अरुण पांड्या, जुगल किशोर, मुकेश जोशी, मुकेश शर्मा, राहुल कुमार और प्रकाश शर्मा प्रमुख रहे। सभी ने पूरी श्रद्धा और निष्ठा से अभिषेक की विधियों को संपन्न किया।पूरे आयोजन के दौरान मंदिर का वातावरण भक्तिमय रहा। हर हर महादेव के जयघोष और मंत्रों की ध्वनि से वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए एक अनोखा अनुभव रहा, जिसे वे लंबे समय तक याद रखेंगे।