चित्तौड़गढ़ में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, 2 की मौत, 10 घायल
चित्तौड़गढ़। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम सेमलपुरा मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने सवारियों से भरे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
हादसा उस समय हुआ जब ऑटो चित्तौड़गढ़ से बस्सी की ओर जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया। घायलों में आछोड़ा गांव की नारायणी प्रजापत (35) और उनकी 1 वर्षीय बेटी शिवानी, आवल्हेड़ा निवासी भावेश (5), पानगढ़, कनेरा निवासी सुखलाल (21), डगला का खेड़ा निवासी कमला बाई, बिहार निवासी सुनील, शामना बानू, जुल्फी हैदर (2), देवराज मीणा और माफेगा अंसारी शामिल हैं।
हादसे में फरीदा (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नेमीचंद बग्गा कुमावत (60) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। प्रशासन ने घायलों के इलाज के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है, और हादसे की जांच जारी है।