शिवालिक विहार में गूंजे गणगौर के मंगल गीत, गाजे-बाजे के साथ निकली ईसर-गणगौर की शोभायात्रा
चित्तौड़गढ़। शहर के सर्वेश्वर मंदिर पर महिलाओं ने श्रद्धा और उल्लास के साथ गणगौर पूजन कर माता पार्वती से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर शिवालिक विहार महिला मंडल द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नृत्य और मंगल गीतों से गुंजायमान हुआ वातावरण
शिवालिक विहार विकास समिति के अध्यक्ष कमल खटोड़ ने बताया कि गणगौर की सवारी गाजे-बाजे के साथ चामटी खेड़ा चौराहा तक निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाएं फूलों से सुसज्जित ईसर और गणगौर की काष्ठ प्रतिमाएं धारण किए हुए नृत्य कर रही थीं। वातावरण में "खेलण दो गणगौर, भंवर म्हाने पूजण दो गणगौर" जैसे पारंपरिक मंगल गीत गूंज रहे थे।
पुष्प वर्षा से हुआ भव्य स्वागत
सवारी के कॉलोनी में प्रवेश करने पर विकास समिति के कमलेश विराणी, सत्यनारायण सोनी सहित कॉलोनी वासियों ने पुष्प वर्षा और अल्पाहार के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान सुदेश न्याति और मनीष बाघमार के संयोजन में विनोद लढ्ढा, ओमप्रकाश असावा सहित कई सदस्यों ने पांडोली स्थित झांतला माता मंदिर जाकर सभी के आरोग्य की प्रार्थना की। आयोजन को सफल बनाने में अनीता खटोड़, चंदा जोशी, निर्मला लढ्ढा, रुक्मणी असावा और इलु खटोड़ का विशेष सहयोग रहा।