अजमेर | शहर के कैसरगंज स्थित बाजे वाली गली में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि करीब आधे घंटे तक दुकान के भीतर धमाके होते रहे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही क्लॉक टावर थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
शॉर्ट सर्किट बना काल, चपेट में आईं 25 से ज्यादा गाड़ियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे क्षेत्र में हाई वोल्टेज आने के कारण कई स्थानों पर शॉर्ट सर्किट हुआ। इसी दौरान 'पंकज ऑटोमोबाइल्स' के तारों में स्पार्किंग हुई और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के भीतर मरम्मत के लिए खड़ी 25 से अधिक स्कूटी और बाइक आग की भेंट चढ़ गईं। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और धमाकों की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पड़ोसी दुकान और रिहायशी मकान भी आए जद में
आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि पास ही स्थित एक होम डेकोर की दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर दुकानों के ऊपर बने मकानों को खाली करवा लिया। होम डेकोर दुकान के मालिक दिलीप पारवानी के अनुसार, इस घटना में उनका करीब 4 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है।
भारी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही क्लॉक टावर थाना प्रभारी भीखाराम काला और स्थानीय पार्षद भारती श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को भी करीब डेढ़ घंटे तक बंद रखा गया। थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा है।