होली की खुशियां मातम में बदली:: श्रीगंगानगर में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो दोस्तों की मौत

Update: 2026-03-03 06:50 GMT

 


श्रीगंगानगर। सरहदी जिले के श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। चक 24-जीबी मोड के पास एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक बीकानेर से होली का त्योहार मनाने अपने घर लौट रहे थे।

घर पहुँचने से पहले ही काल ने झपटा

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान मनीष ओड राजपूत (20) निवासी चक 14-जीबी गोगामेड़ी और सुनील ओड राजपूत (17) निवासी चक 15-जीबी के रूप में हुई है। ये दोनों गहरे दोस्त थे और बीकानेर में एसी मैकेनिक का काम करते थे। सोमवार रात करीब 10 बजे मनीष अपने दोस्त सुनील को उसके घर छोड़ने मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी चक 24-जीबी मोड के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में श्रीविजयनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, मनीष ने सूरतगढ़ के पास रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि सुनील की मौत श्रीगंगानगर जिला अस्पताल पहुँचने पर हुई।

परिवारों में मची चीख-पुकार

सुनील मूल रूप से हनुमानगढ़ के पीलीबंगा का निवासी था, उसका परिवार खेती के काम से चक 15-जीबी में रह रहा था। दोनों दोस्त मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का सहारा बने हुए थे, लेकिन इस हादसे ने गांव और घर में होली की खुशियों को ग्रहण लगा दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

मामले की जांच कर रहे एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि मनीष के पिता पालाराम की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

Similar News