होली पर यात्रियों को बड़ी राहत: केरल से राजस्थान के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में होगा ठहराव

Update: 2026-03-03 04:42 GMT


भीलवाड़ा। होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को देखते हुए रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से मदार (अजमेर) के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। यह विशेष रेलसेवा दक्षिण भारत के केरल राज्य को राजस्थान से जोड़ते हुए कई प्रमुख राज्यों से होकर गुजरेगी।

दो-दो ट्रिप में होगा संचालन


रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए यह स्पेशल ट्रेन दो-दो ट्रिप में संचालित की जाएगी। ट्रेन संख्या 06013, तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से 4 मार्च और 11 मार्च (बुधवार) को सुबह 7:45 बजे प्रस्थान करेगी और शुक्रवार सुबह 11 बजे मदार पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 06014, मदार से 7 मार्च और 14 मार्च को रवाना होकर मंगलवार रात 12:45 बजे तिरुवनंतपुरम सेंट्रल पहुंचेगी।

इन  स्टेशनों पर रहेगा ठहराव

यह ट्रेन केरल से रवाना होकर कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी। मार्ग में कोल्लम जंक्शन, एर्नाकुलम टाउन, त्रिशूर, कोझिकोड, मंगलुरू, मडगांव, रत्नागिरी, पनवेल, वसई रोड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर और नीमच जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा।

राजस्थान के यात्रियों को सीधा लाभ

राजस्थान में प्रवेश के बाद यह ट्रेन चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बिजयनगर और अजमेर स्टेशनों पर ठहरेगी। इस विशेष सेवा के शुरू होने से दक्षिण भारत में रहने वाले राजस्थानी प्रवासियों और त्योहार पर यात्रा करने वाले आमजन को आवागमन में काफी सुगमता होगी।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455


Similar News