सूरजनगर में हर्षोल्लास के साथ हुआ होलिका दहन: सीधी उठी अग्नि की ज्वाला बनी शुभ संकेत
सूरजनगर (भीलवाड़ा)। लूलास पंचायत के सूरजनगर कस्बे में रंगों का महापर्व होली और होलिका दहन का उत्सव परंपरागत श्रद्धा और अपार उत्साह के साथ मनाया गया। समाजसेवी लादू नाथ योगी ने बताया कि गांव में शुभ मुहूर्त के अनुसार पूर्ण विधि-विधान से होलिका का पूजन किया गया, जिसके पश्चात उपस्थित ग्रामीणों के जयकारों के बीच होलिका दहन संपन्न हुआ।
इस वर्ष होलिका दहन के दौरान एक विशेष दृश्य देखने को मिला। दहन के समय अग्नि की ज्वाला बिल्कुल सीधी आकाश की ओर उठी, जिसे क्षेत्र के बुजुर्गों और ग्रामीणों ने अत्यंत शुभ संकेत माना है। सीधी उठती लपटों ने क्षेत्रवासियों में अच्छी खुशहाली और नई उम्मीदें जगा दी हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, बुजुर्ग और युवा साथी मौजूद रहे, जिन्होंने एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी।