लिव-इन में रह रही युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, भाई ने बीमारी को बताया कारण

Update: 2026-03-03 06:44 GMT


श्रीगंगानगर। जिले के केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहाँ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक 22 वर्षीय युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामला चक 2-एम फूसेवाला गांव का है, जहाँ युवती पिछले कुछ समय से एक युवक के साथ रह रही थी।

अस्पताल में तोड़ा दम

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान किरण वाल्मीकि (22) के रूप में हुई है। सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे श्रीगंगानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर मृतका का भाई योगेश वाल्मीकि निवासी किशनपुरा दिखनादा (हनुमानगढ़) परिजनों के साथ जिला अस्पताल पहुँचा।

खून की कमी (एनीमिया) बनी काल!

परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर ली है। मृतका के भाई योगेश ने बताया कि उसकी बहन लंबे समय से बीमारी से जूझ रही थी और उसकी मौत प्राकृतिक है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किरण गंभीर एनीमिया (खून की कमी) की बीमारी से पीड़ित थी, जिसे उसकी मौत का मुख्य कारण माना जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार

केसरीसिंहपुर थाना पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि हालांकि प्राथमिक तौर पर मामला बीमारी से जुड़ा लग रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Similar News

होली की खुशियां मातम में बदली:: श्रीगंगानगर में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो दोस्तों की मौत