देवली में सूने मकान में चोरी, 5 अलमारियों के लॉकर तोड़े; जांच टीम ने उठाए फिंगरप्रिंट
देवली। शहर के पटेल नगर क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के शादी समारोह में बाहर होने का फायदा उठाकर चोरों ने घर के मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए।
मामले की जानकारी देते हुए एएसआई दिलीप सिंह ने बताया कि पीड़ित प्रभु लाल बैरागी पुत्र बालदास बैरागी, निवासी पटेल नगर की रिपोर्ट के अनुसार 17 फरवरी को वे परिवार सहित एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। 19 फरवरी की शाम करीब 4 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों में सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने घर में रखी करीब 5 अलमारियों के लॉकर तोड़ दिए और नकदी सहित चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित के अनुसार करीब 50 हजार रुपये नकद, आधा किलो चांदी के सिक्के, पायल व अन्य कीमती चांदी के जेवरात चोरी हुए हैं। उल्लेखनीय है कि चोर करीब 17 हजार रुपये के पुराने 1000 रुपये के नोट घर में ही छोड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एएसआई दिलीप सिंह एवं एफएसएल टीम के धनराज सैनी के नेतृत्व में जांच की गई और घटनास्थल से फिंगरप्रिंट के नमूने एकत्र किए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
