अनमोल है हर जिन्दगानी, आमजन बरतें सावधानी, जिला कलक्टर ने की अपील

Update: 2025-09-06 12:14 GMT

उदयपुर। जिले में लगातार वर्षा हो रही है, जिससे नदी-नालों व तालाबों में जलस्तर बढ़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए जिला कलक्टर नमित मेहता ने आमजन से सतर्क एवं सावचेत रहने तथा जलबहाव व जल भराव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है।

जिला कलक्टर  मेहता ने कहा कि हर जीवन अनमोल है। सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा है। आमजन को भी चाहिए कि वह अपनी ओर से पूर्ण सतर्कता और सावधानी बरतें। किसी भी स्थिति में नदी, नाले या जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाएं। पुलिया या बहाव वाले स्थानों को पार करने का प्रयास न करें। बच्चों व बुजुर्गों को विशेष सावधानी से घर के अंदर सुरक्षित रखें। बिजली के खंभों, तारों व पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना की सूचना तत्काल नजदीकी एसडीएम/तहसीलदार/पटवारी/ग्राम विकास अधिकारी/पुलिस थाना को अवगत कराएं अथवा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0294-2414620 पर सूचना दें। अनावश्यक यात्रा करने से बचें। साथ ही प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली एडवाइजरी एवं दिशा-निर्देशों की पालना कर सहयोग करें।

Similar News