जिले में एलपीजी की नियमित आपूर्ति को लेकर प्रशासन है अलर्ट मोड़ पर, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

By :  vijay
Update: 2026-03-25 12:50 GMT

उदयपुर,। जिले में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर नमित मेहता नियमित रूप से स्वंय मॉनिटरिंग कर रहे है तथा आवश्यक कार्यवाहियां की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर मेहता ने बुधवार को विशेष आदेश जारी किए हैं। प्रदेश के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास के निर्देशों की अनुपालन में जारी आदेश के तहत संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से विभिन्न कार्यवाहियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।

बुधवार को जारी आदेश के अनुसार जिले में गैस एजेंसियों की 100 प्रतिशत जांच सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही गैस की कालाबाजारी अथवा जमाखोरी के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला रसद अधिकारी (डीएसओ) को इस पूरी कार्रवाई का दायित्व सौंपा गया है। कलेक्टर ने आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया है। निर्देश दिए गए हैं कि सभी सार्वजनिक शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के भीतर किया जाए, जबकि कालाबाजारी से संबंधित शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

इसके अतिरिक्त, जिले में एलपीजी एवं पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता और स्थिति की दैनिक मॉनिटरिंग रिपोर्ट तैयार कर राज्य स्तर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि सिटी गैस वितरण (सीडीजी) से संबंधित 58 लंबित आवेदनों को जिला स्तरीय समिति द्वारा शीघ्र स्वीकृत कर उनकी रिपोर्ट संबंधित उच्चाधिकारियों को भेजी जाए।

Similar News