उदयपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: बुजुर्ग महिला से चेन लूटने वाले फूफा-भतीजे गिरफ्तार

By :  vijay
Update: 2026-03-25 09:46 GMT

 

उदयपुर | सुखेर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शहर के व्यस्ततम सेलिब्रेशन मॉल मार्ग पर एक बुजुर्ग महिला के साथ हुई सनसनीखेज चेन स्नैचिंग की वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी फूफा और भतीजे को ऋषभदेव के घने जंगलों से नशे की हालत में गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रभुलाल उर्फ प्रकाश (51) और उसके भतीजे तरुण मीणा (24) के रूप में हुई है, जिन पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।

दिनदहाड़े मंदिर से लौटते समय की थी लूट

घटना 18 मार्च की है, जब आरके सर्कल निवासी हैंडीक्राफ्ट व्यवसायी राकेश जैन की 75 वर्षीय माता रूप कुंवर भुवाणा स्थित शांतिनाथ जैन मंदिर में दर्शन कर पैदल घर लौट रही थीं। सुबह करीब 8:30 बजे सेलिब्रेशन मॉल के सामने बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारा। बहादुरी दिखाते हुए बुजुर्ग महिला ने बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन लुटेरे ने उन्हें डिवाइडर पर धक्का दे दिया और 6 तोला सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया। इस दौरान एक स्थानीय दुकानदार ने पीछा भी किया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे।

500 सीसीटीवी फुटेज और लंबी घेराबंदी

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने उदयपुर से लेकर अहमदाबाद तक दबिश दी और करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची। गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में एक आरोपी का पैर भी टूट गया। आरोपी तरुण पूर्व में सलूंबर के सेमारी थाने से भगोड़ा घोषित है, जबकि प्रभुलाल पर लूट और डकैती के कई मामले दर्ज हैं और वह अहमदाबाद जेल भी जा चुका है।

Similar News