कैट उदयपुर की एक्जीक्यूटिव बैठक सम्पन्न: व्यापारियों को दिल्ली 'भारत महोत्सव' का न्योता

Update: 2026-02-21 12:24 GMT

 उदयपुर | कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) मेन विंग उदयपुर इकाई की एक महत्वपूर्ण एक्जीक्यूटिव बैठक होटल गोरबंध के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में व्यापारिक हितों की रक्षा और संगठन के विस्तार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

दिल्ली में जुटेंगे देशभर के व्यापारी, उदयपुर से भी जाएगा दल

अध्यक्ष दिनेश चोरड़िया ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने आगामी 1 से 4 मई तक दिल्ली में आयोजित होने वाले 'भारत महोत्सव' के बारे में जानकारी दी और उदयपुर इकाई के सदस्यों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। संरक्षक मनीष गलूंडिया ने इस महोत्सव के व्यापारिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह आयोजन स्थानीय व्यापारियों के लिए नए अवसर पैदा करेगा।

24 फरवरी को प्रवीण खंडेलवाल का उदयपुर आगमन

बैठक में जानकारी दी गई कि कैट के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल 24 फरवरी को उदयपुर प्रवास पर रहेंगे। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए संरक्षक मनीष गलूंडिया ने शहर में 'सेक्टर वाइज चेयरमैन' नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।

व्यापार को बढ़ावा देने के लिए हर माह होगी बैठक

सचिव महेन्द्र तलेसरा ने बताया कि अब कैट उदयपुर की नियमित बैठक हर माह आयोजित की जाएगी ताकि व्यापारियों के बीच आपसी सामंजस्य बढ़े और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिल सके। कोषाध्यक्ष आशिष जैन ने संगठन के बैंक खाते और वित्तीय प्रक्रियाओं की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में राजेश अग्रवाल सहित कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सचिव तलेसरा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Similar News