501 दिव्यांग कन्याओं का श्रद्धापूर्वक हुआ कन्या पूजन
उदयपुर | नारायण सेवा संस्थान में दुर्गाष्टमी और रामनवमी के पावन अवसर पर गुरुवार को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान सेवा महातीर्थ परिसर में 501 दिव्यांग कन्याओं का श्रद्धापूर्वक कन्या पूजन कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में निदेशक वंदना अग्रवाल ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें सम्मानित किया। पूजन के बाद सभी कन्याओं को उपहार दिए गए और हलवा, पूरी, खीर व चने का प्रसाद वितरित किया गया।
निदेशक वंदना अग्रवाल ने कहा दुर्गाष्टमी पर कन्या पूजन सेवा, भक्ति और सम्मान का प्रतीक है। संस्थान का उद्देश्य दिव्यांग कन्याओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए संस्थान द्वारा उन्हें नि:शुल्क चिकित्सा, शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि संस्थान पिछले 22 वर्षों से निरंतर कन्या पूजन की परंपरा निभा रहा है। नवरात्रि के दौरान इन कन्याओं को निःशुल्क दिव्यांगता सुधारात्मक सर्जरी की सुविधा भी दी जाती है, ताकि उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सके। कार्यक्रम का संयोजन महिम जैन ने किया।