आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: हजारों लीटर वॉश नष्ट, अवैध शराब जब्त ,अलवर में नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाला गिरफ़्तार
उदयपुर, । आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश में दीपावली पर्व के तहत अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए 16 अक्टूबर से 16 नवम्बर 2025 तक जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त, रेड की प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। अलवर में आरएमएल शराब से आईएमएफएल अंग्रेजी शराब बनाने की सूचना पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसी क्रम में जयपुर, उदयपुर, राजसमन्द, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ, बांसवाड़ा, चुरू, जोधपुर सहित विभिन्न जिलों में भी अवैध मदिरा जब्त करते हुए हजारों लीटर वॉश को नष्ट किया गया।
आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रशासन ओपी जैन एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पॉलिसी प्रदीप सिंह सांगावत के सुपरविजन में जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए अन्य राज्य की शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के परिवहन व विक्रय पर आबकारी निरोधक टीमों द्वारा मुस्तैदी से प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इन क्षेत्रों में कार्यवाही-
अलवर-
जिले के आबकारी थाना अलवर पश्चिम के नयाबास, कालाकुंआ क्षेत्र में आरएमएल शराब से आईएमएफएल अंग्रेजी शराब बनाने की विश्वसनीय सूचना पर एक मकान पर दबिश देकर अभियुक्त दीपक गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के घर से 288 पव्वे देशी शराब, 37 पव्वे काउंटी क्लब आरएमएल जिसका उपयोग अंग्रेजी शराब बनाने में किया जा रहा था। 4 पव्वे रॉयल स्टेग व्हीस्की आरएमएल द्वारा निर्मित, 50 पव्वे खाली रॉयल स्टेग, ब्लेन्डर प्राईड, मैक्डावल नंबर वन, 135 ढक्कन रॉयल स्टेग व्हीस्की एवं 500 ढक्कन मेक्डावल नंबर वन व्हीस्की के बरामद किए गए।
श्रीगंगानगर-
आबकारी थाना अनूपगढ में दबिश की कार्यवाही के तहत आबकारी निरोधक दल द्वारा 2200 लीटर वॉश नष्ट किया गया। 73 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद करते हुए 8 भट्टी को नष्ट किया गया।
जयपुर-
जयपुर ग्रामीण क्षेत्र आबकारी थाना शाहपुरा के ग्राम त्डोडिया डूंगर मानोता में रेड की कार्रवाही में 1300 लीटर वॉश व 2 भट्टियां नष्ट की गई। मौके से 5 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी बरामद की गई। े
हनुमानगढ-
जिले में आबकारी थाना क्षेत्र नोहर से 96 पव्वे देशी शराब जब्त की गई। संगारिया वृत्त सलेमगढ मसानी में एक अभियोग दर्ज करते हुए 15 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इसी क्रम में सिरसा बायपास रोड़ हनुमानगढ़ में नाकाबंदी करते हुए वाहनों की सघन जांच की गई।
चुरू-
जिले में गश्त व दबिश कार्रवाई के तहत 154 पव्वे देशी शराब जब्त की गई। 200 लीटर उत्तेजित वॉश नष्ट करते हुए 3 अभियोग दर्ज किए गए।
बांसवाड़ा-
जिले के दानपुर, भूंगड़ा अम्बापुर एवं मध्यप्रदेश राज्य से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में रेड व गश्त कार्यवाही में 2 हजार लीटर वॉश नष्ट किया एवं 164 हथकड़ शराब की बोतल भी जब्त की गई।
जोधपुर-
जिले में आबकारी थाना क्षेत्र जोधपुर पश्चिम के ग्राम दातिवाड़ा सांसी बस्ती में दबिश की कार्रवाई करते हुए 150 लीटर वॉश नष्ट किया गया।
आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश के समस्त जिलों में भी विशेष निरोधात्मक अभियान के नाकाबंदी, दबिश व सघन गश्त की जा रही है। समस्त अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल द्वारा जीरो टोलरेंस की नीति के तहत अवैध मदिरा पर कार्यवाही की जा रही है।
