वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों द्वारा गीत का सामूहिक गान

Update: 2025-11-14 08:44 GMT



उदयपुर । वंदे मातरम गीत का इतिहास भारत के स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा है | इस गीत का निर्माण बंकिम चंद्र चटटोपध्याय द्वारा किया गया था | यह गीत भारत माता की आराधना का प्रतीक है जो ब्रिटिश शासन के खिलाफ राष्ट्रवाद की ज्वाला बन गई | इस गीत का इस्तेमाल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राजकीय गान बन गया था , जो क्रांतिकारियों की शक्ति और उत्साह का प्रतीक बन गया था | यह विचार आज सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालय, उदयपुर के सहायक निदेशक  रामेश्वर लाल मीणा ने महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पानेरियों की मादडी, उदयपुर में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए |

इस अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के द्वारा देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष एवं त्याग को युवा पीढ़ी को अपने जीवन में उतारने का आहवाहन किया | उन्होंने बताया की भारत सरकार द्वारा पूरे देश में 15 नवंबर 2024 से लेकर 15 नवंबर 2025 तक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है |

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या  मंजू  माली ने कहा कि वंदे मातरम गीत ने भारत के लोगों को जाति, धर्म और भाषा की परवाह किए बिना एकजुट किया। ब्रिटिश शासन के दौरान नेताओं, छात्रों और क्रांतिकारियों ने इसके छंदों से प्रेरणा ली, और इसे राजनीतिक सभाओं, प्रदर्शनों और जेल जाने से पहले गाया गया। इस रचना ने न केवल आंदोलनों को प्रेरित किया, बल्कि आंदोलनों में सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक जोश भी भरा, जिससे भारत के स्‍वाधीनता संग्राम की राह के लिए भावनात्मक आधार तैयार हुआ।

विद्यालय की उप-प्राचार्या  अंजना व्यास ने भी बाल दिवस पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा की बच्चे देश का भविष्य हैं। इस भविष्य को सुरक्षित रखना और इसका उचित पालन-पोषण सुनिश्चित करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चों के पास तकनीक और ढेर सारी जानकारी व ज्ञान है। वे देश और विदेश में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को महान हस्तियों की जीवनियां पढ़ने की भी सलाह दी, जिससे उन्हें प्रेरणा मिलेगी और चुनौतियों का सामना करने में भी मदद मिलेगी।

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित स्टाफ द्वारा वंदे मातरम गीत का सामूहिक गान भी किया गया | कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम, जनजातीय गौरव दिवस तथा बाल दिवस विषय पर आधारित मौखिक प्रशनोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई तथा विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया |कार्यक्रम का संचालन विभाग के क्षेत्रीय प्रचार सहायक श्री रवि कुमार योगी ने किया |

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राएं सहित  लक्ष्मीनारायण, पीटीआई,  भावना, लैब सहायक सहित अन्य कर्मचारीगण ने भाग लिया |   

Similar News