आबकारी विभाग का विशेष अभियान प्रदेश में वॉश एवं भट्टियां नष्ट

By :  vijay
Update: 2025-11-07 11:41 GMT

उदयपुर,। आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त, रेड की प्रभावी कार्यवाही कर अभियोग दर्ज किए गए।

आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रशासन ओपी जैन एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पॉलिसी प्रदीप सिंह सांगावत के सुपरविजन में जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए अन्य राज्य की शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के परिवहन व विक्रय पर आबकारी निरोधक टीमों द्वारा प्रभावी कार्यवाही जारी है। हनुमानगढ़ जिले के ग्राम मक्कासर व डबली में आबकारी निरोधक दल की दबिश कार्रवाई में 1500 लीटर उत्तेजित वॉश एवं 3 कच्ची भट्टियां नष्ट करते हुए एक अभियोग दर्ज किया गया। रात्रिकालीन नाकाबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियों वाहन से 20 कार्टन में 960 पव्वे राजस्थान निर्मित अवैध शराब के बरामद किए। जोधपुर शहर, ग्रामीण एवं पीपाड़ क्षेत्र दबिश कार्रवाई में 250 लीटर वॉश नष्ट करते हुए 3 अभियोग दर्ज किए। इसी प्रकार प्रदेश के समस्त जिलों में भी विशेष निरोधात्मक अभियान के नाकाबंदी, दबिश व सघन गश्त की जा रही है।

Similar News