राजस्थान में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 96 लाख की विदेशी मदिरा जब्त, 2.98 लाख लीटर वॉश नष्ट, 986 केस दर्ज, 321 गिरफ्तार

By :  vijay
Update: 2025-11-07 08:36 GMT

उदयपुर । आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोक लगाने हेतु 16 अक्टूबर से 16 नवम्बर तक जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए अब तक 96 लाख 99 हजार रूपए की भारत निर्मित विदेशी मदिरा जब्त की गई। प्रदेश में 2 लाख 98 हजार लीटर वॉश नष्ट करते हुए 986 अभियोग दर्ज कर 321 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

आबकारी आयुक्त   नकाते के अनुसार प्रदेश में दीपावली पर्व के मद्देनजर प्रारंभ किए गए विशेष निरोधात्मक अभियान में 5 नवम्बर 2025 तक आबकारी निरोधक दलों ने अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्यवाही की गई है। प्रदेश में 2 लाख 98 हजार 524 लीटर वॉश नष्ट किया। इसी क्रम में भारत निर्मित विदेशी मदिरा की 13459 बोतल जब्त की गई जिसकी लागत 96 लाख 99 हजार 259 रूपए है। बीयर की 5442 बोतल, देशी मदिरा की 3760 बोतल, हथकड़ शराब की 6199 बोतल जब्त करते हुए 26 लीटर स्प्रिट भी सीज किया गया।

अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रशासन ओपी जैन एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पॉलिसी प्रदीप सिंह सांगावत ने बताया कि प्रदेश में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 5 नवम्बर 2025 तक अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्तता पर राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत 986 अभियोग दर्ज करते हुए 321 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। अवैध मदिरा परिवहन में प्रयुक्त 28 दुपहिया वाहन, 4 हल्के चार पहिया वाहन, 3 भारी चार पहिया वाहन सहित 35 वाहनों को सीज किया गया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में विशेष निरोधात्मक अभियान 16 नवम्बर तक जारी है इससे अवैध मदिरा पर रोक में प्रभावी सफलता मिल रही है।

Tags:    

Similar News