राजस्थान दिवस समारोह: सुखाड़िया सर्कल पर होगा जिला स्तरीय स्वच्छता सप्ताह कार्यक्रम
उदयपुर, । राजस्थान दिवस समारोह के उपलक्ष्य में शनिवार से जिला प्रशासन एवं नगर निगम के तत्वाधान में जिला स्तरीय स्वच्छता सप्ताह कार्यक्रम सुखाड़िया सर्कल पर सुबह 7 बजे से प्रारंभ होगा।
कार्यक्रम में सांसद, संभागीय आयुक्त, विधायक (शहरी व ग्रामीण), जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन मौजूद रहेंगे। नगर निगम की ओर से स्वच्छता सप्ताह के तहत 15 मार्च को सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सभी कार्यालय क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से कार्यवाही की जाएगी। 16 मार्च को शहर के सभी सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की विशेष सफाई का अभियान चलेगा। 17 मार्च को रोडवेज बस स्टैंड पर सुबह 8 बजे से सार्वजनिक सफाई हेतु श्रमदान किया जाएगा। 18 मार्च को जलाशयों के संरक्षण हेतु गुलाब बाग स्थित हनुमान मंदिर के पास की बावड़ियों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। 19 मार्च को अभियान के अंतिम दिन सभी कार्यालय क्षेत्रों में जागरूकता रैलियों का आयोजन होगा।