“रामेश्वर महादेव की जय” के जयकारों के साथ वरिष्ठ नागरिक रामेश्वरम–मदुरई यात्रा पर रवाना

By :  vijay
Update: 2026-03-22 18:10 GMT


उदयपुर  । प्रदेश सरकार की वरिष्ठ नागरिक निशुल्क तीर्थ यात्रा योजना 2025 के तहत रविवार को वरिष्ठ नागरिकों की तीर्थ यात्रा ट्रेन डूंगरपुर रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन उदयपुर होकर रामेश्वरम्-मदुरई तीर्थ के लिए रवाना हुई। तीर्थ यात्री उत्साह व उमंग से रामेश्वरम् महादेव के जयकारों के साथ रवाना हुए।

देवस्थान विभाग सहायक आयुक्त जतिन गांधी के अनुसार वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा ट्रेन डूंगरपुर से प्रातः 10 बजे 352 वरिष्ठ नागरिकों को लेकर रवाना हुई एवं उदयपुर के राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन 11.45 बजे पहुंची। यहां ट्रेन में उदयपुर के 326, राजसमंद के 33, प्रतापगढ़ के 141, सलूंबर के 50 एवं चित्तौड़गढ़ जिले के 61 सहित कुल 611 वरिष्ठ नागरिक भी तीर्थ यात्रा के लिए सवार हुए। राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन उदयपुर पर निरीक्षक रमेश जैन, प्रबंधक सुमित्रा सिंह, नितिन नागर के नेतृत्व में देवस्थान विभाग के कार्मिकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकां के आवेदन पत्र जांच कर टिकट आवंटन का कार्य किया गया। यह ट्रेन 24 मार्च को रामेश्वरम पहुंचेगी एवं रामेश्वरम दर्शन के बाद वरिष्ठ नागरिकों को मिनाक्षी मंदिर मदुरई के दर्शन करवाए जाएंगे। ट्रेन 29 मार्च को पुनः उदयपुर, डूंगरपुर वापसी करेगी।

इस ट्रेन में कुल 970 यात्री एवं एक ट्रेन प्रभारी राजपत्रित अधिकारी, मेडिकल टीम, अनुरक्षक सहित 30 स्टाफ सहित कुल एक हजार वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा कर रहे है। समस्त वरिष्ठजनों को ट्रेन में चाय नाश्ता ,खाना, गंतव्य स्थान पर पहुंचने पर रहने दर्शन करने सहित समस्त सुविधाएं राज्य सरकार द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य सरकार द्वारा प्रथम बार समस्त वरिष्ठजनों के लिए एसी ट्रेन की व्यवस्था की गई है इससे पूर्व नॉन एसी ट्रेन संचालित होती थी। ट्रेन प्रभारी लक्ष्मण सिंह शक्तावत को बनाया गया है। राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष 50 हजार वरिष्ट नागरिकों को रेल यात्रा करवाने का लक्ष्य तय किया है एवं अब तक 47 हजार वरिष्ठ तीर्थ यात्रियों को यात्रा करवाई जा चुकी है।

सहायक आयुक्त जतिन गांधी ने बताया कि यह इस वित्तीय वर्ष की उदयपुर संभाग से अंतिम ट्रेन थी। अब वर्ष 2026 की यात्रा हेतु नवीन ऑनलाइन आवेदन का कार्यक्रम जारी होगा।

Similar News