सीसारमा में दो दिवसीय शांतिनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का हुआ आगाज

Update: 2025-04-23 11:03 GMT
सीसारमा में दो दिवसीय शांतिनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का हुआ आगाज
  • whatsapp icon

उदयपुर। श्री जैन श्वेताम्बर महासभा के तत्वावधान में झीलों की नगरी के अतिप्राचीन सीसारमा गांव में स्थित शांतिनाथ जैन मंदिर के दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज बुधवार को आचार्य विजय पुण्य रत्न सूरीश्वर महाराज व आचार्य विजय यशोरत्न सूरीश्वर महाराज की प्रेरणा एवं तपस्वीरत्न आचार्य भगवंत पद्म भूषण रत्न सुरिश्वर महाराज, प्रन्यास प्रवर ऋषभ रत्न विजय महाराज, पंन्यास प्रवर निरागरत्न विजय महाराज, साध्वी भगवंत कीर्तिरेखा महाराज आदि ठाणा की निश्रा में हुआ। जिसमें शांतिनाथ भगवान, अभिनंदन स्वामी भगवान, संभव नाथ भगवान व माँ अम्बिका की प्रतिमा व आदेश्वर भगवान के पगलिया जी की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न होगी।

महासभा के महामंत्री कुलदीप नाहर ने बताया क‍ि बुधवार 23 अप्रैल को प्रातः: 8 बजे नवकारसी, 8.30 बजे घोड़े, रथ, गाजे-बाजे के साथ वरघोड़ा व गुरु भगवंतो का प्रवेश हुआ। उसके बाद आचार्य भगवंतों के सान्निध्य में 18 अभिषेक विधान का आयोजन हुआ।

इस दौरान आयोजित धर्मसभा में आचार्य ने कहा कि जिसके जीवन में परमात्मा जैसे नाथ है वह कभी भी अनाथ नहीं होता है। प्रभु के नाम स्मरण में ऐसी ताकत है जिससे पापों का नाश एवं मन पावन होता है। प्रभु के द्वारा निर्दिष्ट एवं सात क्षेत्र में व्यय किया हुआ अव्यय अर्थात अक्षय बन जाता है। प्रभु जिसके स्मरण से दु:खों का नाश एवं समाधि प्राप्ति होता है।

प्रवचन के बाद शांतिनाथ जिनमंदिर प्रतिष्ठा सम्बन्धित चढावें लगाए गए। 11 बजे आशातना निवारण हेतु अठारह अभिषेक का महा विधान किया गया। जिसमें विविध तीर्थ भूमि की मिट्टी एवं जल से विविध औषधियों के माध्यम से परमात्मा का यह अभिषेक अरुण भाई विधि कारक द्वारा संपन्न कराई गई। मोहित भाई ने भक्ति गीतों से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। शाम को लाभार्थी परिवार द्वारा कुमारपाल महाराज बनकर 1008 दीपक की महाआरती की गई।

नाहर ने बताया कि गुरुवार 24 अप्रैल को प्रात 7.40 बजे तीनों प्रतिमाओं एवं पगलियाजी सहित सभी प्रतिमाओं की एक साथ प्राण प्रतिष्ठा विभिन्न मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न होगी। प्रतिष्ठा पश्चात नवकारसी का आयोजन होगा। नाहर ने बताया कि जिन मंदिर के जीर्णोद्धार के लाभार्थी श्री कुंथुनाथ गृह जिनालय, विजयनगर होंगे।

इस अवसर कुलदीप नाहर, सतीश कच्छारा, राजेश जावरिया, रणजीत मेहता, प्रकाश नागोरी, हिमांशु जैन, सुमित जैन, राजेन्द्र जवेरिया, राजेन्द्र मारू, महेश मेहता, नरेश धुपिया, अशोक जैन, चतर सिंह पामेचा आदि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News