उदयपुर। Indian Railways की ओर से यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए उदयपुर सिटी-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत सोमवार से की जा रही है। इस अत्याधुनिक ट्रेन को उदयपुर सिटी स्टेशन पर आयोजित समारोह में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे राजस्थान और गुजरात के बीच व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
विशेष ट्रेन संख्या 096630 सोमवार दोपहर 12:25 बजे उदयपुर से रवाना होकर शाम 5:15 बजे अहमदाबाद के असारवा स्टेशन पहुंचेगी। रास्ते में जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर स्टेशनों पर ठहराव होगा। नियमित संचालन 18 फरवरी से शुरू होगा। ट्रेन संख्या 26963 उदयपुर सिटी से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर 10:25 बजे असारवा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 26964 असारवा से शाम 5:45 बजे रवाना होकर रात 10 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। करीब 296 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन महज 4 घंटे 15 मिनट में पूरी करेगी।
किराए के तहत चेयरकार का उदयपुर से अहमदाबाद किराया 860 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का 1680 रुपये तय किया गया है। वहीं असारवा से उदयपुर के लिए चेयरकार 1065 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास 1875 रुपये होगी। यह गुजरात की छठी वंदे भारत ट्रेन है।
इधर मावली क्षेत्र के यात्रियों को भी राहत मिली है। उदयपुर-मैसूर हमसफर एक्सप्रेस का ठहराव अब मावली स्टेशन पर भी शुरू कर दिया गया है। ट्रेन संख्या 19667 उदयपुर से रवाना होकर रात 9:33 बजे मावली पहुंचेगी, जबकि मैसूर से आने वाली ट्रेन संख्या 19668 रात 2:03 बजे मावली स्टेशन पर रुकेगी। इससे आसपास के ग्रामीणों को लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए उदयपुर नहीं जाना पड़ेगा।