खाटू श्याम से लौट रहे गुजरात के परिवार की वैन खाई में पलटी, एक की मौत, 6 घायल

Update: 2026-03-30 03:11 GMT


अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले में मांगलियावास थाना क्षेत्र के तबीजी हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज गति में आ रही एक ईको वैन अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर गहरी खाई में पलट गई। इस हादसे में वैन में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 महिलाओं और 2 बच्चों सहित कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल गुजरात के रहने वाले हैं और खाटू श्याम जी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।

तेज रफ्तार बनी काल

पुलिस के अनुसार, हादसा तबीजी हाईवे पर राधा स्वामी सत्संग स्थल के निकट गौशाला के पास रविवार शाम करीब छह बजे हुआ। गुजरात से आया एक परिवार खाटू श्याम जी के दर्शन कर ईको वैन में सवार होकर वापस गुजरात की ओर जा रहा था। वैन अजमेर से ब्यावर की तरफ बढ़ रही थी, तभी अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वैन बेकाबू होकर हाईवे से नीचे गहरी खाई में गिरकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन की गति बहुत तेज़ थी।

हादसे में सोहनलाल ने दम तोड़ा

खाई में गिरते ही वैन में कोहराम मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और एनएचएआई की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वैन से बाहर निकाला। हादसे में वैन सवार सोहनलाल नामक व्यक्ति की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।

अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति

हादसे में प्रिंस, उसकी मां मीराबेन, मौसी गंगाबेन, रिश्तेदार मीता, 8 साल का दिग्विजय और ड्राइवर सनी घायल हो गए। सूचना मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग, 108 एंबुलेंस और मांगलियावास थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल (जेएलएन अस्पताल) में भर्ती कराया गया है। प्रिंस और दिग्विजय को मामूली चोटें आई हैं, जबकि मीरा, मीता और गंगाबेन को गंभीर चोटें लगी हैं। चालक सनी को भी अंदरूनी चोटें आई हैं।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

हादसे की सूचना मिलने पर प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. दीपेंद्र सैनी समेत पुलिस बल और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वैन को खाई से बाहर निकलवाने और यातायात सुचारू कराने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455.

Similar News