खून से सना पारिवारिक विवाद,: शराब के नशे में भतीजे ने चाचा को चाकू से गोदकर मार डाला, भाई गंभीर घायल
मऊ। जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के बोझी चौकी अंतर्गत खनतिया गांव में शुक्रवार रात पारिवारिक झगड़े ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक भतीजे ने अपने ही चाचा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। सीने पर कई वार लगने से चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच बचाव करने पहुंचे उनके सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार रामभवन यादव 42 पुत्र शिवनाथ यादव शुक्रवार रात अपने बड़े भाई विजयभान यादव 50 के साथ घर पर खाना खा रहे थे। तभी नशे की हालत में पहुंचे चचेरे भाई विजेंद्र यादव ने किसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। बहस देखते ही देखते गाली गलौज और धमकियों में बदल गई। हालात बिगड़ते देख विजेंद्र ने अपने 15 वर्षीय बेटे को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि किशोर हाथ में चाकू और लाठी लेकर वहां पहुंचा और रामभवन यादव पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। सीने पर एक के बाद एक कई बार चाकू घोंपा गया, वहीं सिर पर भी लाठी से प्रहार किया गया। खून से लथपथ रामभवन जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे विजयभान यादव पर भी हमला कर दिया गया, जिससे वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रामभवन यादव को मृत घोषित कर दिया। विजयभान यादव की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही घोसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और गंभीर हमले से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
