खौफनाक सड़क हादसा,: नहर में गिरी तेज रफ्तार कार, तीन युवकों की दर्दनाक मौत
नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इटारसी पथरोटा मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पथरोटा की बड़ी नहर की रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी में समा गई। इस भयावह दुर्घटना में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात के सन्नाटे में पुल के पास अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद लोग दौड़ते हुए पहुंचे तो नहर के भीतर किसी वाहन की लाइट चमकती दिखाई दी। इससे साफ हो गया कि कोई गाड़ी पुल से नीचे गिर चुकी है। तत्काल पथरोटा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को स्थिति गंभीर लगी तो नर्मदापुरम से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद नहर से एक ग्रे रंग की कार को बाहर निकाला गया। जब कार के दरवाजे खोले गए तो अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी और ग्रामीण भी सिहर उठे। वाहन के भीतर तीनों युवक मृत अवस्था में मिले। माना जा रहा है कि गिरते समय और बाद में बाहर निकलने के लिए उन्होंने काफी संघर्ष किया होगा। कार के शीशों पर टूटफूट और खरोंच के निशान भी मिले हैं।
एसडीआरएफ की प्लेटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि नहर में गिरने के बाद तीनों युवकों ने बाहर निकलने का प्रयास किया होगा, लेकिन पानी का तेज बहाव और दबाव इतना ज्यादा था कि वे सफल नहीं हो सके।
पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान में जुटी हुई है। कार में सवार एक युवक की जेब से पैन कार्ड बरामद हुआ है, जिस पर लक्की पटेल नाम दर्ज है और पता इटारसी बताया गया है। तीनों शवों को एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां शिनाख्त होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पथरोटा थाना प्रभारी संजीव कुमार पवार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को नहर से बाहर निकाल लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
