प्यार की खौफनाक सजा:: प्रेमी के मुंह में लाल मिर्च ठूंसी, पीट-पीटकर ले ली जान

Update: 2026-02-20 08:35 GMT

 नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली से रूह कंपा देने वाली एक वारदात सामने आई है, जहां प्रेम-प्रसंग से नाराज लड़की के परिजनों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। पश्चिमी दिल्ली के मुंडका थाना क्षेत्र स्थित टीकरी कलां इलाके में एक युवक को न केवल बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसके मुंह में लाल मिर्च डालकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया।

घर से जबरन उठाकर ले गए आरोपी

पुलिस के अनुसार, मृतक नरेश आरोपी की बेटी से प्यार करता था, जिससे लड़की का पिता बेहद नाराज था। 5 फरवरी की शाम लड़की का पिता अपने साथियों के साथ नरेश के घर पहुंचा और उसे जबरन कार में खींचकर अपने घर ले गया। जब नरेश का भाई मोहित उसे बचाने वहां पहुंचा, तो वहां का मंजर देखकर उसकी रूह कांप गई।

मुंह में मिर्च ठूंसी और फट्टों से पीटा

आरोपी और उसके तीन साथी लकड़ी के फट्टों और प्लास्टिक के पाइप से नरेश को अंधाधुंध पीट रहे थे। हैवानियत का आलम यह था कि आरोपियों ने नरेश के मुंह में जबरदस्ती लाल मिर्च डाल दी थी ताकि वह चिल्ला न सके। मारपीट के दौरान आरोपी चिल्ला रहे थे कि "इसका इश्क का भूत उतार देंगे, अब यह इस दुनिया में नहीं रहेगा।"

अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपियों की तलाश जारी

बुरी तरह घायल नरेश को बहादुरगढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां 6 फरवरी की रात उसने दम तोड़ दिया। आरोपियों के खौफ के कारण परिजन पहले इसे सड़क हादसा बता रहे थे, लेकिन बाद में पुलिस के सामने सच्चाई उजागर हो गई। मुंडका थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Similar News

हाइवे पर पुलिस की दबिश:: होटल से अंग्रेजी व देशी मदिरा जब्त, एक गिरफ्तार