शादी की खुशियां मातम में बदली:: डीजे पर नाचने के विवाद में चाकूबाजी, कोटा के युवक की मौत
सवाईमाधोपुर | शहर के सीमेंट फैक्ट्री इलाके में सोमवार रात एक शादी समारोह के दौरान खूनी संघर्ष हो गया। बारात में डीजे पर नाचने को लेकर हुए मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद शादी के घर में कोहराम मच गया और उत्सव का माहौल मातम में बदल गया।
डीजे पर नाचने को लेकर हुआ था विवाद
मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि रात करीब साढ़े दस बजे संजय कलोशिया के घर बारात आई थी। बारात में शामिल युवक और कुछ अन्य लोग डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी दौरान नाचने की बात को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्साए युवकों ने कोटा निवासी विशाल (28) पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल विशाल को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक विशाल कोटा के शकरपुरा थाना क्षेत्र स्थित काली बस्ती का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल और मौका-ए-वारदात पर पहुंची।
पिता ने दर्ज कराया हत्या का मामला
मृतक के पिता रघुवीर चंद ने मानटाउन थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं कि महज एक छोटी सी बात ने एक हंसते-खेलते युवक की जान ले ली।