क्रूरता की हदें पार: नागौर में बुजुर्ग महिला की गला और पैर काटकर हत्या, 7 लाख के गहने लूटे

Update: 2026-03-17 02:03 GMT


नागौर। जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सामान लेने निकली एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी। लुटेरों ने न केवल महिला का गला रेता, बल्कि गहने निकालने के लिए उनके पैर भी काट दिए। हत्या के बाद शव को एक कट्टे में भरकर गांव के बाहर झाड़ियों में फेंक दिया गया।

सिर और पैर के पंजे गायब, कट्टे में मिला शव

पादू कलां थानाधिकारी उमाशंकर शर्मा ने बताया कि मृतका की पहचान पालड़ी गांव निवासी नाथी देवी (70) के रूप में हुई है। सोमवार को पचरंडा के कांकड़ क्षेत्र में एक चरवाहे ने झाड़ियों में संदिग्ध कट्टा देखा, जिसमें महिला का शव पड़ा था। पुलिस के अनुसार, महिला का सिर और दोनों पैरों के पंजे मौके पर नहीं मिले हैं, जिससे हत्यारों की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। शव के पास मिले मोबाइल फोन से उसकी शिनाख्त हो सकी।

7 लाख रुपए की ज्वेलरी के लिए वारदात

मृतका के पोते मुकेश ने बताया कि उसकी दादी रविवार सुबह 11 बजे बाजार जाने का कहकर घर से निकली थीं। उन्होंने गले में सोने की ठुसी (नेकलेस), कानों में झुमके, पैरों में चांदी के कड़ला, चांदी झड़ा, कंदोरा और सोने का बोर पहन रखा था। बदमाशों ने लूट की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया और करीब 7 लाख रुपए के जेवरात लेकर फरार हो गए।

मजदूरी कर परिवार पाल रहे हैं पोते

परिजनों ने बताया कि नाथी देवी के बेटे (मुकेश के पिता और चाचा) की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। अब परिवार में 6 चचेरे भाई हैं जो मजदूरी कर अपना गुजारा करते हैं। इस जघन्य हत्याकांड के बाद गांव में भारी रोष और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078

(Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

 

Similar News