राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025: रिक्त पदों के लिए संशोधित चयन सूची जारी, 18 मार्च को होगा दस्तावेज सत्यापन
उदयपुर । कमाण्डेन्ट मेवाड़ भील कोर (एमबीसी), खेरवाड़ा द्वारा राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती वर्ष 2025 (टीएसपी क्षेत्र) के रिक्त पदों को भरने के लिए संशोधित चयन सूची जारी कर दी गई है। यह सूची उन पदों के लिए है जो पूर्व में चयनित अभ्यर्थियों के कार्यभार न संभालने या अन्यत्र चयन होने के कारण खाली रह गए थे।
कमाण्डेंट निरंजन चारण ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा गठित रिव्यू बोर्ड की सिफारिशों के बाद, कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) के पद पर दो अभ्यर्थियों अजय कुमार गरासिया पिता श्री ईश्वर लाल गरासिया तथा पिंटा राम गरासिया पिता श्री लासाराम गरासिया का चयन किया गया है। इन अभ्यर्थियों का चयन 13 और 14 सितंबर 2025 को आयोजित लिखित परीक्षा और 10 दिसंबर 2025 को महाराणा भूपाल स्टेडियम, उदयपुर में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा के आधार पर किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है कि वे अपने सभी मूल दस्तावेजों और उनकी स्वयं प्रमाणित फोटोकॉपी के साथ 18 मार्च 2026 को सुबह 9.30 बजे मेवाड़ भील कोर, खेरवाड़ा के कार्यालय में उपस्थित हों। अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र और जन्म तिथि प्रमाण पत्र, मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र, अंतिम शिक्षण संस्थान और दो राजपत्रित अधिकारियों द्वारा जारी चरित्र प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), दहेज नहीं लेने, दो से अधिक संतान नहीं होने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त नहीं होने संबंधी शपथ पत्र, धूम्रपान/तंबाकू सेवन न करने का शपथ पत्र और 10 पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, पहचान पत्र और विशेष योग्यता प्रमाण पत्र आदि दस्तावेज लाने होंगे। निर्धारित समय और तिथि पर उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों का चयन निरस्त माना जाएगा। इसके साथ ही, उपस्थित होने के लिए कोई यात्रा भत्ता या मानदेय देय नहीं होगा। अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में अलग से सूचित किया जाएगा।