माहेश्वरी महिला गौरव संगठन ने मनाया गणगौर उत्सव, नवीन कार्यकारिणी ने ली शपथ

Update: 2026-03-16 11:01 GMT

उदयपुर। माहेश्वरी महिला गौरव संगठन की ओर से सोमवार को एक निजी रिसोर्ट में गणगौर उत्सव एवं संगठन का शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिला।

संगठन की निवर्तमान अध्यक्षा आशा नरानीवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह की अध्यक्षता कौशल्या गट्टानी एवं जनक बांगड़ ने की। उत्सव के दौरान संगठन की सभी सदस्य महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर शामिल हुईं। गाजे-बाजे के साथ ईसर-गणगौर की सवारी निकाली गई, जिसमें महिलाएं सेवरों के साथ नृत्य करती नजर आईं।

प्रतिभाओं का सम्मान और पदभार ग्रहण

इस अवसर पर संगठन की सदस्य मंजू गांधी के प्रदेश सचिव एवं रेखा असावा के जिला अध्यक्ष मनोनीत होने पर उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रहा। प्रदेश सचिव ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीमा लाहोटी, सचिव रेखा देवपुरा, कोषाध्यक्ष निर्मला काबरा, और संगठन मंत्री कौशल्या माहेश्वरी सहित कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इनकी रही मौजूदगी

समारोह का कुशल संचालन कविता बल्दवा ने किया। कार्यक्रम में सरिता न्याती, राजकुमारी, शांता, कुसुम, रीमा, कला, रेणू, हीना सहित संगठन की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने आगामी कार्यकाल के लिए नई टीम को शुभकामनाएं दीं।

Tags:    

Similar News