राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में एक जिला एक उत्पाद ‘‘मार्बल एवं ग्रेनाइट’’ की प्रदर्शनी का शुभारम्भ
उदयपुर,। राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक जिले हेतु ‘‘एक जिला एक उत्पाद’’ का चयन किया गया है। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में जिले में 15 मार्च को ओडीओपी मेले/प्रदर्शनी का आयोजन जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में नगर निगम, टाउन हॉल, उदयपुर में किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि उदयपुर शहर को मार्बल सिटी के नाम से भी जाना जाता है क्योंकि यहां मार्बल और ग्रेनाइट की माइन्स एवं प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थित है। उद्घाटन के अवसर पर जिला उद्योग एवं वाणिज्यिक केंद्र के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा ने अवगत कराया कि उदयपुर शहर में श्रेष्ठ मार्बल प्रोसेसिंग एवं पोलिशिंग के साथ वेल्यु एडिशन किया जाता है। उदयपुर के ऋषभदेव एवं सुखेर क्षेत्र में मार्बल कटिंग एवं प्रोसेसिंग इकाइयो का क्लस्टर स्थापित है। इकाइयों द्वारा ग्रीन, पिंक, ऑनेक्स एवं सफेद मार्बल के वेल्यु एडिड उत्पाद के रूप में देश-विदेश में निर्यात भी किया जा रहा है।
इस प्रदर्शनी में उदयपुर की मार्बल इकाइयों द्वारा उनके उत्पाद का प्रदर्शन किया गया। उक्त प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्थानीय मार्बल एवं ग्रेनाइट उत्पादक इकाइयों को प्रोत्साहित करना एवं उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। प्रदर्शनी में पुष्पा एक्सपोर्ट, उन्नति आर्टस, टाइलो प्रा0लि0, मेरिडियन मार्बल, एस्प्रिट स्टोन, श्री बनारसी मार्बल स्टोन प्रा.लि., तिरूपति इम्पेक्स, अलंकान मिरल्स, तुलसी टैक्नो क्राफ्ट प्रा.लि. इत्यादि इकाइयों द्वारा अपने उत्पाद का प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनी में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा, सहायक आयुक्त, देवयानी डोडिया, जिला उद्योग एवं वाणिज्य अधिकारी चोखाराम, प्रिंस परमार, राजीविकास के जिला परियोजना प्रबंधक ख्याली लाल खटीक इत्यादि उपस्थित रहे।