भीलवाड़ा सहित प्रदेश में मौसम का यू-टर्न:: कल से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

Update: 2026-03-17 12:43 GMT

 भीलवाड़ा |  राजस्थान में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। भीषण गर्मी की आहट के बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से भीलवाड़ा सहित राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 18 से 20 मार्च के बीच मौसम के इस बदलते मिजाज को लेकर चेतावनी जारी की है।

भीलवाड़ा के लिए 19 मार्च को 'येलो अलर्ट'

मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार, 18 मार्च को दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनेगा, जिसका व्यापक असर 19 और 20 मार्च को देखने को मिलेगा। भीलवाड़ा जिले के लिए भी विभाग ने 19 मार्च को 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान जिले में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।

इन जिलों में दिखेगा विक्षोभ का असर

18 मार्च: शुरुआत में इसका असर जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी (झुंझुनूं, सीकर) क्षेत्र में दिखेगा। बाड़मेर, जैसलमेर और फलौदी में तेज हवाओं का दौर शुरू होगा।

19 और 20 मार्च: पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे अधिक रहेगा। इस दौरान अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, राजसमंद, ब्यावर और कोटा संभाग सहित जयपुर व भरतपुर संभाग के जिलों में मौसम खराब रहेगा। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

तापमान में आएगी गिरावट, किसानों की बढ़ी चिंता

अचानक मौसम में आने वाले इस बदलाव से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है। हालांकि, तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि वर्तमान में कई क्षेत्रों में फसलों की कटाई और थ्रेसिंग का कार्य चल रहा है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।

Similar News

भीलवाड़ा में घरेलू गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़:: मकान पर दबिश देकर 17 सिलेंडर जब्त, रिफिलिंग उपकरण बरामद

भीलवाड़ा एएनटीएफ की नसीराबाद में कार्रवाइ-: स्कोडा कार से अफीम पकड़ी, श्रीगंगानगर के 3 तस्कर गिरफ्तार

पूर्व पार्षद की सरेराह हत्या,: बदमाशों ने सिर में गोली मारी और सीने पर चाकू से किए कई वार

शादी की खुशियां मातम में बदली:: डीजे पर नाचने के विवाद में चाकूबाजी, कोटा के युवक की मौत

राजस्थान 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम की तारीख घोषित:: 24 मार्च को जारी होगा रिजल्ट, 26.54 लाख विद्यार्थियों का इंतजार होगा खत्म