भीलवाड़ा में घरेलू गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़:: मकान पर दबिश देकर 17 सिलेंडर जब्त, रिफिलिंग उपकरण बरामद
भीलवाड़ा | शहर के पॉश इलाके आरके कॉलोनी में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। एक निजी मकान पर दी गई दबिश के दौरान 17 घरेलू गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
आरके कॉलोनी के मकान में चल रहा था अवैध खेल
प्रशासन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरके कॉलोनी के एफ सेक्टर स्थित एक मकान में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का काम किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए भीलवाड़ा एसडीएम, सीओ सिटी, जिला रसद अधिकारी (DSO) और सुभाषनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रजापत परिवार के मकान पर अचानक दबिश दी।
रिफिलिंग की बांसुरी और रेगुलेटर जब्त
तलाशी के दौरान मकान के भीतर से 17 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। हैरानी की बात यह है कि मौके पर गैस रिफिलिंग में काम आने वाली विशेष बांसुरी, नोजल, रेगुलेटर और अन्य उपकरण भी मिले। मकान मालिक के पास इन गैस सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या भंडारण का लाइसेंस नहीं पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, यहां से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर ऊंचे दामों पर बेची जा रही थी।
कार्रवाई से हड़कंप, अब तक 87 सिलेंडर जब्त
रसद विभाग के सूत्रों ने बताया कि भीलवाड़ा शहर में घरेलू गैस के दुरुपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में अब तक विभिन्न क्षेत्रों से कुल 87 अवैध सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। इस ताजा कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार में लिप्त अन्य लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस मामले में सिलेंडरों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।