गांजा तस्करी मामला—: ससुर और पत्नी के बाद अब मुख्य आरोपित पति भी पुलिस के हत्थे चढ़ा
भीलवाड़ा बीएचएन। मांडलगढ़ थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बदायूं का झोपड़ा क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामदगी के इस प्रकरण में अब परिवार के तीन सदस्य सलाखों के पीछे पहुँच चुके हैं।
109 किलो गांजा बरामदगी का है मामला
मांडलगढ़ थाना प्रभारी घनश्याम सिंह मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि मार्च 2025 में तत्कालीन थाना प्रभारी व प्रोबेशनर आईपीएस जतिन जैन ने मुखबिर की सूचना पर एक मकान में दबिश दी थी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कट्टों में भरा 109 किलो 86 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया था। मौके से पुलिस ने सबसे पहले चंपालाल ओड (ससुर) को गिरफ्तार किया था।
पैसों के लालच में घर को बनाया था गोदाम
पुलिस पूछताछ में चंपालाल ने चौंकाने वाला खुलासा किया था। उसने बताया था कि बरामद गांजा उसके दामाद शिवलाल उर्फ सेवालाल ओड और बेटी लीला का है। शिवलाल ने अपने ससुर को रुपयों का लालच देकर अवैध गांजे को उसके घर पर सुरक्षित रखवाया था। पुलिस ने इस मामले की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए गत 22 फरवरी को शिवलाल की पत्नी लीला को भी गिरफ्तार कर लिया था।
लगातार फरार चल रहा था मुख्य आरोपित
घटना के बाद से ही मुख्य आरोपित शिवलाल पुलिस की पकड़ से दूर भाग रहा था। मांडलगढ़ पुलिस की विशेष टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार पुलिस ने दबिश देकर शिवलाल उर्फ सेवालाल ओड को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपित से गांजे की खरीद-फरोख्त और इस नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है।